संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। मुख्य डाकघर में बुधवार को छह घंटे सर्वर डाउन रहने से ग्राहकों को परेशानी उठानी पड़ी। इसको लेकर ग्राहकों ने जमकर हंगामा किया। तकरीबन तीन बजे सर्वर सहीं हुआ। इसके बाद ग्राहकों व डाकघर कर्मियों ने राहत की सांस ली।
बुधवार को मुख्य डाकघर में आए खाता धारकों को एक बार फिर सर्वर डाउन होने से निराश होना पड़ा। सचिन, अरविंद, उमेश, सुरेश, विजय सहित अन्य ने बताया कि वह तीन दिन से अपने कार्य को लेकर डाकघर के चक्कर काट रहे है, लेकिन हर रोज सर्वर की खराबी बताकर लौटा दिया जा रहा है। मनोज ने बताया कि उनके बचत सर्टिफिकेट का समय पूरा हो गया। नकदी की जरूरत होने पर भुगतान के लिए आया तो बताया गया कि कई कर्मचारी छुट्टी पर है, इसलिए काम अधूरा पड़ा हुआ है। अन्य खातेदार भी परेशान होकर लौट गए। हंगामा करने वालों में नितिन, सौरभ, प्रवीण, आकाश, बिजेंद्र शामिल रहे।
इस संबंध में पोस्ट मास्टर भगवान सिंह ने बताया कि सुबह नौ बजे सर्वर डाउन हो गया था, जो तीन बजे ठीक हुआ। इसके बाद से सर्वर ने काम करना शुरू किया है।