ग्राम लुहारा के इंटर कॉलेज में पढ़ने गए तीन छात्रों के रहस्यमय ढंग से लापता होने से खलबली मच गई। परिजनों ने पुलिस को दी, भागदौड़ के बाद केवल एक बच्चे का पता चला जबकि दो की तलाश के लिए पुलिस टीमों को हरिद्वार भेजा गया है।
ग्राम शेरपुर लुहारा निवासी राहुल पुत्र लियाकत कक्षा 6, अमन पुत्र बोबी कक्षा 8 और आशु पुत्र परवेज कक्षा 11 गांव के इंटर कालेज में पढ़ने गए थे, लेकिन दोपहर बाद जब तीनों बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तीनों की तलाश की। कालेज पहुंचने पर पता चला कि तीनों के स्कूल बैग तो कालेज में ही रखे हैं लेकिन तीनों कक्षा में नहीं आए।
यह जानकार परिजनों के होश फाख्ता हो गए। शुक्रवार को पूरे दिन उनकी तलाश की गई लेकिन न मिलने पर शनिवार को परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। अमन के पिता बॉबी ने तीनों बच्चों के लापता होने की तहरीर दी।
बाद में अमन के पिता ने पुलिस को जानकारी दी कि उसका पुत्र अमन सहारनपुर के तीतरो में अपने मामा के घर है।
पुलिस ने पुष्टि को फोन पर अमन से बात की, उसने बताया कि आशु और राहुल हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए गए हैं। परिजन अमन को तितरो लेने चले गए जबकि पुलिस टीम दोनों बच्चें की तलाश में हरिद्वार चली गई। थाना प्रभारी विजय सिंह का कहना है कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जीआरपी सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और जीआरपी हरिद्वार और कोतवाली हरिद्वार पुलिस को दोनों लापता हुए बच्चों को तलाशने के लिए संपर्क कर लिया गया है।