मंगलवार को बागपत, बड़ौत और खेकड़ा तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित
तीनों तहसीलों में 151 शिकायतें प्राप्त हुई, समाधान हुआ सिर्फ सात का
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत/बड़ौत/खेकड़ा। बागपत, बड़ौत और खेकड़ा तहसील में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किए गए। मुख्य तहसील दिवस खेकड़ा तहसील में आयोजित हुआ। तीनों तहसीलों में 151 शिकायतें प्राप्त हुई लेकिन समाधान सिर्फ सात का ही हो सका। डीएम राजकमल यादव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों को समय से और गंभीरता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बागपत में संपूर्ण समाधान दिवस में मंगलवार को एडीएम अमित कुमार सिंह व एसडीएम अनुभव सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनीं। बिजली, पानी और क्रय केंद्र पर घटतौली की शिकायत सहित 37 शिकायतें आई। इनमें से एडीएम अमित कुमार सिंह व एसडीएम अनुभव सिंह ने एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया। उन्होंने अन्य शिकायतों को विभागीय अधिकारियों को सौंपकर शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में तहसीलदार प्रसून कश्यप के अलावा अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
बड़ौत तहसील में सीडीओ अभिराम त्रिवेदी व एसडीएम दुर्गेश मिश्र ने जनसमस्याएं सुनीं। कुल 79 शिकायतें आई। इनमें से दो शिकायतों का ही निस्तारण हुआ। इस अवसर पर तहसीलदार प्रदीप कुमार, बीडीओ राहुल वर्मा, एक्सईएन प्रथम गोपाल सिंह, वन रेंजर राजपाल सिंह, सीडीपीओ सारधा मौजूद रहे।
खेकड़ा में जिलाधिकारी राजकमल यादव एवं अपर पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार मिश्रा नगर क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विद्युत विभाग की पांच, राजस्व की 16, पुलिस की सात, विकास विभाग की दो सहित कुल 39 शिकायती पत्र आए। इनमें से मात्र चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने पूर्व के समाधान दिवसो में आई शिकायतों एवं उनके निस्तारण की बिंदुवार समीक्षा की। संबधित विभागीय अधिकारियों को सभी शिकायतों का अविलंब न्याय संगत ढंग से निस्तारण करने के कडे़ निर्देश दिए। इस दौरान उपजिलाधिकारी अजय कुमार, तहसीलदार यदुवंश कुमार, नायब तहसीलदार विवेक मिश्रा, कोतवाली प्रभारी रवेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।