विभागीय अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
बिडौली। क्षेत्र का वेदखेड़ी–मंसूरा संपर्क मार्ग एक बार फिर बदहाली का शिकार हो गया है। हैरानी की बात यह है कि महज दो महीने पहले ही इस सड़क को गड्ढा मुक्त कराने का कार्य कराया गया था, लेकिन ठेकेदार द्वारा घटिया निर्माण सामग्री के प्रयोग और मानकों की अनदेखी के चलते सड़क दो माह भी नहीं चल सकी। अब हालात यह हैं कि मार्ग जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुका है।
सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि वाहन चालकों को हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। खासकर दोपहिया वाहन सवारों और गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के लिए यह मार्ग बेहद जोखिम भरा साबित हो रहा है। यह सड़क दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे किसान खेतों से गन्ना लेकर चीनी मिलों तक पहुंचते हैं। वहीं लोगों भी इसी रास्ते से कस्बा झिंझाना और जिला मुख्यालय शामली की ओर आवागमन करते हैं।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गड्ढों की मरम्मत नहीं कराई गई तो जनवरी माह में घने कोहरे के कारण कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है।
यह बोले ग्रामीण
करीब दो महीने पहले ही परिवहन विभाग और जिलाधिकारी को पत्र लिखकर अवगत कराया था कि इस मार्ग से लगातार ओवरलोड वाहन गुजर रहे हैं। यदि ओवरलोड वाहनों पर रोक नहीं लगाई गई तो सड़क दोबारा टूट जाएगी। दुर्भाग्यवश कोई कार्रवाई नहीं हुई।
-अफसर अली
हर रोज किसान इसी रास्ते से गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर निकलते हैं। सड़क पर इतने गड्ढे हो गए हैं कि ट्रैक्टर पलटने का डर बना रहता है। इतनी जल्दी सड़क का टूट जाना साफ तौर पर भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है।
शेर सिंह गिल
रात के समय या कोहरे में इस सड़क से निकलना बेहद खतरनाक हो गया है। कई बार बाइक फिसलते-फिसलते बची है। अगर जल्द मरम्मत नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा तय है।
-मुनेश कुमार, बाइक चालक (असरफपुर)
दो महीने पहले जब सड़क बनी थी, तभी घटिया काम की शिकायत की थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। अब सड़क फिर से गड्ढों में बदल गई है। ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
-नीरज चौहान, चोतरा निवासी
वेदखेड़ी-मंसूरी मार्ग के बदहाल होने की जानकारी नहीं है। समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा। लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
-अरविंद कुमार चौहान, जिलाधिकारी