परिवहन मंत्री को सौंपा पत्र, वित्त मंत्री से मांगा बजट
बागपत। जिला मुख्यालय पर बस अड्डे का निर्माण जल्द शुरू कराने के लिए लोग आगे आने लगे हैं तो जन प्रतिनिधि भी इसको लेकर सक्रिय हो गए हैं। सांसद डा. सत्यपाल सिंह ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को लखनऊ में पत्र सौंपकर बस अड्डे का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग रखी है। इसके अलावा बजट को लेकर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना से बातचीत की।
बागपत को जिला बने हुए 25 साल होने के बावजूद अभी तक यहां बस अड्डा नहीं बनने से परिवहन व्यवस्था काफी खराब है। यात्रियों को बसों के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। यहां रात को परिवहन व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो जाती है। अमर उजाला ने बस अड्डे को लेकर अभियान चलाया तो पहले भी बस अड्डे के लिए आवाज उठाने वाले लोग दोबारा आगे आने लगे। लोगों ने मांग रखी है कि यहां बस अड्डा बनना चाहिए और इसके लिए वह अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा जहां सांसद ने परिवहन मंत्री से मुलाकात करने के अलावा वित्त मंत्री से बातचीत की, वहीं बागपत से विधायक योगेश धामा जल्द सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलकर बस अड्डे का मुद्दा रखेंगे।
बागपत में बस अड्डा बनवाने के लिए मैं काफी समय से प्रयासरत हूं और मेरे काफी प्रयास करने के बाद ही दुड़भा के पास जमीन को रोडवेज विभाग के नाम स्थानांतरित किया गया है। बस अड्डे का निर्माण जल्द शुरू हो सके, इसके लिए परिवहन मंत्री को पत्र दिया है और वित्त मंत्री से बात की गई है। परिवहन व्यवस्था ठीक नहीं होने से विकास पर असर पड़ रहा है। उम्मीद है कि बस अड्डे का निर्माण जल्द शुरू हो जाएगा। डा. सत्यपाल सिंह, सांसद
बस अड्डा बनवाने का मामला मैंने कई बार उठाया और उस कारण ही जमीन तय हुई है। अब बस अड्डे का निर्माण जल्द कराया जाए, इसके लिए सीएम योगी आदित्यनाथ से मिलकर मामला उठाया जाएगा। इसके अलावा बसों को बढ़वाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे समस्या कुछ कम हो सके। - योगेश धामा, विधायक बागपत
बागपत में बस अड्डे की मांग काफी समय से कर रहे हैं। इसके लिए अधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन भी भेजे गए। बस अड्डा होना सभी की जरूरत है। इसको लेकर जल्द बैठक करके बस अड्डे का निर्माण कराने की मांग उठाई जाएगी और अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। - पंडित राजपाल शर्मा, संरक्षक वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति
सांसद डॉ सत्यपाल सिंह- फोटो : BAGHPAT
विधायक योगेश धामा- फोटो : BAGHPAT
गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी को ज्ञापन देते सांसद डॉ सत्यपाल सिंह- फोटो : BAGHPAT