फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Baghpat News: अधिवक्ताओं ने नेशनल हाईवे पर लगाया जाम, दो घंटे फंसे रहे लोग

विज्ञापन
विज्ञापन
बागपत। हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर बुधवार को अधिवक्ता जुलूस निकालकर कलक्ट्रेट में ज्ञापन देने पहुंचे। डीएम अस्मिता लाल के ज्ञापन लेने बाहर नहीं आने पर वह भड़क गए और उन्होंने कलक्ट्रेट के बाहर दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर धरना देकर जाम लगा दिया। इससे दो घंटे तक जाम लगा रहा और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दो घंटे बाद डीएम ने सड़क पर आकर ज्ञापन लिया तो जाम खोला गया। उधर, जिला बार एसोसिएशन ने डीएम के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास करने के साथ ही उनके तबादले की मांग उठाई।
विज्ञापन

केंद्रीय संघर्ष समिति के आह्वान पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष तोमर और महामंत्री अजीत सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ता बुधवार को कचहरी से जुलूस निकालकर डीएम को ज्ञापन देने कलक्ट्रेट में पहुंचे। अध्यक्ष और महामंत्री ने बताया कि कलक्ट्रेट में पहुंचने के बाद वह दोनों डीएम को बुलाने के लिए उनके कार्यालय में गए। उनके साथ सही से व्यवहार नहीं किया गया और दो मिनट बाद बाहर आने की बात कही गई। इसके बाद आधा घंटे से ज्यादा समय तक इंतजार करने पर भी डीएम ज्ञापन लेने नहीं आईं। इस पर अधिवक्ता भड़क गए और डीएम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट के बाहर नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया।
इससे दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की चार किमी लंबी लाइन लग गई। करीब दो घंटे तक नेशनल हाईवे जाम रहने के कारण सैकड़ों वाहन फंस गए। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने अधिवक्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन अधिवक्ता नहीं माने। नेशनल हाईवे पर दो घंटे बाद डीएम अस्मिता लाल अधिवक्ताओं के बीच ज्ञापन लेने पहुंचीं। इसके बाद अधिवक्ताओं ने जाम खोल दिया। जाम में फंसे वाहनों को निकलवाने में पुलिसकर्मियों को भी मशक्कत का सामना करना पड़ा। धरना देने वालों में नरेंद्रपाल शर्मा, सोमेंद्र ढाका, अनुज ढाका, जयवीर सिंह, सुरेंद्र यादव, रामकुमार तोमर, ब्रह्म सिंह यादव, रामपाल शर्मा, सतीश त्यागी, सतेंद्र खोखर समेत अन्य मौजूद रहे।
विज्ञापन

-
जिला बार के निंदा प्रस्ताव में डीएम का तबादला कराने की मांग
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगाने के बाद जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने बैठक कर डीएम के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया। इसमें अध्यक्ष सुभाष तोमर और महामंत्री अजीत सिंह ने बताया कि कार्यालय के बाहर सैंकड़ों अधिवक्ता डीएम का इंतजार करते रहे, लेकिन सूचना देने के बाद भी नहीं आईं। यह उस स्थिति में हुआ जब उनके कार्यालय में सिर्फ एक फरियादी बैठा हुआ था। इसके बाद नेशनल हाईवे पर दो घंटे धरना देने पर भी उनका ज्ञापन नहीं लिया गया तो कमिश्नर को पूरे मामले की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कमिश्नर के निर्देश पर डीएम ज्ञापन लेने आईं तो उन्होंने ज्ञापन सम्मानजनक रूप से लेने के बजाय उनके हाथों से छीन लिया और बिना आश्वासन दिए ही वहां से चली गईं। इससे अधिवक्ताओं में आक्रोश है। जिला बार के निंदा प्रस्ताव में उन्होंने डीएम का तबादला कराने की मांग की। यह निंदा प्रस्ताव भी शासन समेत सभी बार काउंसिल को भेजा गया। मांग पूरी नहीं होने पर शीतकालीन अवकाश के बाद आंदोलन की बात कही।


-बसों से उतरकर कई किलोमीटर पैदल चले यात्री
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जाम में कई बसें फंस गईं। काफी देर तक जाम नहीं खुलने पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जल्दी जाने के चक्कर में यात्री बसों से उतरकर कई किलोमीटर पैदल चलकर दूसरी बसों में बैठकर चले गए।
-अधिवक्ताओं की वाहन चालकों से नोकझोंक हुई
जाम लगने के बाद कुछ चालकों ने वाहनों को निकालने का प्रयास किया। वहां खड़े अधिवक्ताओं ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो हंगामा हो गया। अधिवक्ताओं और वाहन चालकों में नोकझोंक भी हुई।
-जाम में फंस गए दूल्हा और बराती
लोनी निवासी अमन अपनी बरात लेकर शामली जा रहा था, लेकिन रास्ते में कलक्ट्रेट के सामने जाम में फंस गए। दूल्हे के दादा हाजी परवीन ने बताया कि जाम में फंसने के कारण बरात दो घंटे लेट हो गई। कई बराती भी अपनी गाड़ियों से निकलकर पैदल ही आगे चले गए।
-कई एंबुलेंस फंसी, स्कूल बस में बच्चे की हालत बिगड़ी
नेशनल हाईवे पर लगे जाम में कई एंबुलेंस भी फंस गईं। इसमें एक एंबुलेंस मरीज को छोड़ने उसके घर जा रही थी, जबकि कई मरीजों को लेने जा रही थी। इसके अलावा बागपत के डीपीएस स्कूल की बस में सवार छात्र देवांश की हालत बिगड़ गई। उसे उल्टी होने पर शिक्षिका गाड़ी निकलवाने की गुहार लगाती नजर आई।

-रेवेन्यू बार के अधिवक्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा
हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर रेवेन्यू बार एसोसिएशन बागपत के अधिवक्ताओं ने एसडीएम अमरचंद वर्मा को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर अध्यक्ष नरेन्द्र यादव, महामंत्री सुमित कुमार शर्मा, चरणसिंह, दिनेश शर्मा, वैभव शर्मा, गौरव कुमार, प्रदीप कुमार, नरेंद्र शर्मा, ब्रजपाल सिंह शामिल रहे। इनके अलावा जिला टैक्स बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उपायुक्त राज्य कर को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर सचिव विपिन कुमार, राहुल देव, आशुतोष अग्रवाल समेत अन्य मौजूद रहे।

-उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने सांकेतिक बाजार बंद रखा
खेकड़ा। हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर अधिवक्ताओं के समर्थन में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने सांकेतिक बाजार बंंद रखा। उन्होंने संगठन के प्रांतीय महासचिव अंकुश जैन ने कहा कि अधिवक्ताओं की हाईकोर्ट बेंच की मांग जायज है, जो जल्द पूरी होनी चाहिए। वहीं बागपत व बड़ौत में बंद का असर दिखाई नहीं दिया। दोनों जगह बाजार खुला रहा तो खेकड़ा में कुछ दुकानें बंद रहीं और कुछ को व्यापारियों ने खोला।
-
अधिवक्ताओं ने जुलूस निकाला
फोटो संख्या 5
बड़ौत। हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने तहसील से जुलूस निकाला, जो दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे, कोताना रोड, फूसवाली मस्जिद, नेहरू मूर्ति, संजय मूर्ति मार्ग से होते हुए तहसील परिसर में खत्म हुआ। सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मवीर सिंह तोमर ने कहा कि वेस्ट यूपी में हाईकोर्ट बेंच की मांग पूरी होने से लोगों को सस्ता और सुलभ न्याय मिलेगा। इस मौके पर महामंत्री पुष्पेंद्र तोमर, रोहित तोमर, हरीश दांगी, अमरपाल तोमर, अक्षय कुमार, हरेंद्र, हरबीर सिंह मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें