खेकड़ा (बागपत)। गांव सांकरौद में आयुष योजना के अंतर्गत स्वीकृत अस्पताल के निर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई है। तहसील प्रशासन ने शुक्रवार को अस्पताल के लिए चयनित ग्राम समाज की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे जेसीबी चलवाकर हटवाए।
सांकरौद गांव में आयुष योजना के अंतर्गत 50 बिस्तर वाला अस्पताल स्वीकृत हुआ है। इसके लिए गांव में ग्राम समाज की सात बीघा भूमि का चयन किया गया है। इस भूमि के कुछ हिस्से पर तीन ग्रामीणों ने अवैध कब्जा किया हुआ था। शुक्रवार को तहसीलदार यदुवंश कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और जेसीबी चलवाकर भूमि को कब्जा मुक्त कराया। तहसीलदार यदुवंश कुमार ने बताया कि साकरौद गांव में आयुष योजना के अंतर्गत अस्पताल बनाया जाएगा। इस दौरान कानूनगो हरेंद्र पाल, लेखपाल कृष्णपाल सिंह, राकेश शर्मा, संजय जिंदल, सहेंद्र पाल सिंह, पाठशाला चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह, डूंडाहैड़ा चौकी प्रभारी प्रदीप शर्मा समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. महेश कौशिक ने बताया कि अस्पताल का निर्माण होने से आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के अनुसार रोगों का उपचार मिल सकेगा।