दोघट (बागपत)। मिलाना गांव में भूमाफिया ने चारागाह की दस बीघा भूमि पर कब्जा करने का प्रयास करते हुए ट्रैक्टर चला दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने शिकायत करने का प्रयास किया लेकिन तहसीलदार और लेखपाल के फोन बंद मिले।
मिलाना गांव में हजारों बीघा जमीन चारागाह की है। इस पर भूमाफिया की नजर है। शनिवार को दस बीघा भूमि पर कब्जा करने के लिए ट्रैक्टर चला दिया गया। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों से करने में प्रयास किया, मगर फोन बंद मिले। ग्रामीणों का कहना था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूमाफिया पर नकेल कसने के लिए टास्क फोर्स के गठन कर अधिकारियों को शिकंजा कसने के निर्देश दे रखे है। मगर, इन निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है। क्षेत्रीय लेखपाल धर्मेंद्र ने बताया कि मिलाना गांव में कई सौ भूमि चारागाह की है। इसमें से 1520 बीघा जमीन में खेल मैदान बनाया गया है, जबकि बाकी जमीन सुरक्षित है। जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गांव पहुंचकर जमीन की पैमाइश कराई जाएगी और कब्जा मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।