आजाद नगर कॉलोनी का मामला, लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। पुलिस से बेखौफ चोरों ने शनिवार की रात आजाद नगर कॉलोनी में तीन परिवारों को नशीला पदार्थ सुंघाकर लाखों रुपये का नकदी, जेवरात और अन्य सामान समेट लिया। रविवार की सुबह परिवार के लोगों को होश आया तो घटना की जानकारी पुलिस को दी। आरोप है कि सूचना के दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। कॉलोनी वासियों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाएं और जल्द से जल्द घटना के खुलासे की मांग की।
आजाद कालोनी के रहने वाले प्रद्युम्मन सैनी के मकान में शनिवार की रात कुछ चोर दीवार फांदकर घुस गए। परिजनों को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद चोर ने उनके घर से आठ हजार नकदी, सिलिंडर, मोबाइल फोन ले गए। इसके बाद चोर कुछ दूरी पर धर्मेंद्र शर्मा के मकान में भी दीवार फांदकर घुस गए। यहां भी परिजनों को बेहोश कर छह फोन, एक लैपटॉप, सिलिंडर, इनवर्टर बैटरी चोरी कर ली। इसके बाद चोरों ने शंकु के परिवार को बेहोश कर दस हजार की नगदी, मोबाइल फोन चोरी कर लिया। रविवार की सुबह परिजनों को होश आया तो घटना की जानकारी पुलिस को दी। आरोप है कि सूचना के दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित प्रद्युम्मन का आरोप है कि पुलिस वालों ने उसके साथ भी अभद्रता की। कहा कि उसके यहां पर घटना नहीं हुई है। वह खुद ही कहानी बना रहा है। तीनों पीड़ितों ने मामले की तहरीर दी है। इस संबंध में सीओ हरीश भदौरिया ने बताया कि मामले की जांच कर जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
20 दिन पूर्व भी तीन घरों में की थी चोरी
आजाद नगर कालोनी में करीब 20 दिन पहले सुमन के यहां से चोर डेढ़ लाख की नगदी, मोबाइल, हरीश के यहां से एक सिलिंडर चोरी कर ले गए थे। इसके अलावा कृष्ण पाल के यहां से पांच हजार नगदी, मोबाइल फोन, सिलिंडर चोरी किए गए थे। इन घटनाओं का भी अभी तक खुलासा नहीं हुआ है।