बागपत। भागौट के उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक शिक्षिका के छुट्टी पर होने से बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। यह तर्क देते हुए ही सहवानपुर के संविलियन विद्यालय से चपरासी को खेकड़ा बीईओ ने भागौट के विद्यालय में संबद्ध कर दिया। बीईओ का यह पत्र सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा।
भागौट के उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक सहायक अध्यापिका काफी दिनों से अनुपस्थित चल रही है और शिक्षिका कब आएगी, इसकी शिक्षा विभाग को भी जानकारी नहीं है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। खेकड़ा के खंड शिक्षा अधिकारी सुभाष चंद ने एक पत्र जारी किया कि विद्यालय के हित व सुरक्षा की दृष्टि से सहवानपुर के संविलियन विद्यालय से चपरासी शशांक शर्मा को भागौट के उच्च प्राथमिक विद्यालय में संबद्ध किया जाता है।
यह भी उस पत्र में लिखा गया कि वहां की एक शिक्षिका काफी समय से अनुपस्थित है, जिससे वहां शिक्षण कार्य भी प्रभावित हो रहा है। चपरासी को संबद्ध करने के पत्र में शिक्षिका के अनुपस्थित रहने और शिक्षण कार्य प्रभावित होने के तर्क को दिए जाने के बाद शिक्षकों ने सोशल मीडिया पर पत्र को वायरल करना शुरू कर दिया।
- एक स्कूल से हटाकर दूसरे में चपरासी भेजने पर भी सवाल
सहवानपुर के जिस स्कूल से चपरासी को भागौट में संबद्ध किया गया है। उस स्कूल में भी केवल एक ही चपरासी है, इसके बावजूद उसे ही संबद्ध कर दिया। इस तरह बीईओ ने एक स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था के लिए दूसरे स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान नहीं दिया। बीईओ का यह भी तर्क है कि उसे केवल एक माह के लिए ही संबद्ध किया गया है। इस पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर एक माह के बाद सुरक्षा कौन करेगा।
- वर्जन
- भागौट के उच्च प्राथमिक विद्यालय मेें शिक्षकों की मांग के बाद विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए चपरासी को एक माह के लिए संबद्ध किया है। एक माह के बाद वापस सहवानपुर भेज दिया जाएगा। - सुभाष चंद, बीईओ खेकड़ा