बागपत। खतौली (मुजफ्फरनगर) के विधायक और रालोद नेता करतार सिंह भड़ाना के खिलाफ जिला बागपत में शनिवार को बागपत कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने पांचवां मुकदमा दर्ज कराया।
कोतवाल अरुण कुमार द्विवेदी ने शनिवार को बिना अनुमति के जुलूस निकालने और शहर क्षेत्र के एक मैरिज होम में अपने समर्थकों को नाश्ता कराकर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में खतौली के विधायक और रालोद नेता करतार सिंह भड़ाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने बताया इससे पहले विधायक भड़ाना के खिलाफ कोतवाली में चुनाव अचार संहिता का उल्लंघन का मुकदमा दर्ज हो चुका है। पुलिस के अनुसार इससे पहले विधायक करतार भड़ाना के खिलाफ खेकड़ा थाने में दो, चांदीनगर थाने में एक और कोतवाली बागपत में चुनाव अचार संहिता का उल्लंघन का मुकदमा दर्ज हो चुका है। अब तक भड़ाना के खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।