दोघट। ढिकौली गांव के कांवड़िए दीपक ढाका का हरिद्वार से चार धाम यात्रा पूरी कर गंगाजल लेकर लौटने पर स्वागत किया गया। स्थानीय लोगों ने उनका फूल माला पहनाकर अभिनंदन किया। दीपक ढाका ने बताया कि उन्होंने यह यात्रा देश की सीमा पर तैनात सैनिकों की खुशहाली के लिए की है। उन्होंने एक माह पहले हरिद्वार से अपनी चार धाम यात्रा शुरू की थी। इस यात्रा में उन्होंने केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन किए। गंगाजल लेकर वह दोघट पहुंचे। यहां पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत हुआ। दीपक ढाका ने कहा, भगवान अपने भक्तों की मन्नत पूरी करते हैं और उन्हें कभी निराश नहीं करते। उन्होंने अपने परिवार की सुख-शांति के लिए भी भगवान से प्रार्थना की।
हर-हर महादेव के जयघोष से आगे बढ़ रहे कांवड़िए
दाहा। हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा के कांवड़िए अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहे हैं। वे हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष लगा रहे हैं।
छपरौली निवासी बृजलाल इस बार 101 लीटर गंगाजल की कलश कांवड़ लेकर दाहा पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि वह शिवरात्रि के दिन पुरा महादेव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। बृजलाल पिछले कई वर्षों से कांवड़ ला रहे हैं। खेकड़ा निवासी चीनू भी 71 लीटर गंगाजल की कलश कांवड़ लेकर आए हैं। चीनू भी पुरा महादेव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। कांवड़ियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।