शाम को अचानक धरती में कंपन्न हुआ तो दहशत फैल गई। बाजार में खलबली मच गई, घरों से लोग बाहर आ गए। दो बार आए भूकंप से सहमे लोग आधा घंटे तक सड़कों पर ही खड़े रहे। हालांकि जिले में कहीं से भी किसी प्रकार की जान माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
रविवार को शाम लगभग 3.58 बजे पहला झटका लगा, इसके बाद 4.01 बजे जब चंद सेकेंड में ही तीन झटके लगे तो लोग चकरा गए और दहशत में भाग खड़े हुए। बागपत के बड़ा बाजार और शौकत मार्केट में खलबली मच गई। लोग दुकानों से बाहर सड़क पर आ गए।
व्यापारी संजय ने कहा अचानक उसे चक्कर महसूस हुए, तभी पता चला कि भूकंप आ रहा है तो वह दौड़कर दुकान से बाहर आ गए। बड़ा बाजार में रहने वाली सुशीला ने बताया वह अपने घर के दरवाजे पर कुर्सी पर बैठी हुईं थीं। अचानक लगा कुर्सी में कोई धक्का मार रहा है। जबकि पास कोई नहीं था। तब उन्हें भूकंप का अहसास हुआ।
भूकंप के झटकों की तीव्रता रियेक्टर स्केल पर 6.8 बताई जा रही है और इसका केंद्र हिंदूकुश क्षेत्र में जमीन के नीचे 190 किलोमीटर की गहराई में बताया। मौसम विभाग से जुड़े महेश कुमार खोखर ने बताया बागपत में हल्के झटके लगे हैं। इससे कोई नुकसान नहीं हुआ है।