विधानसभा चुनाव - 2017 के लिए बसपा ने बागपत सीट पर नवाब कोकब हमीद के बेटे अहमद हमीद को उम्मीदवार बनाया है। जबकि मेरठ की सरधना विधानसभा सीट पर पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी के बेटे इमरान कुरैशी को उम्मीदवार घोषित किया। दोनों उम्मीदवारों की घोषणा बसपा के राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने की।
रविवार को दिल्ली रोड पर स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में आयोजित बसपा कार्यकर्ता सम्मेलन में बसपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने दोनों उम्मीदवारों की घोषणा की। उन्होंने कहा बसपा के शासनकाल में ही कानून व्यवस्था ठीक रही, लेकिन वर्तमान समय में पूरा प्रदेश माफिया के हवाले है।
सरेआम दुराचार, लूट, डकैती, अपहरण हो रहे हैं। किसान, मजदूर, व्यापारी सभी परेशान हैं। बसपा शासन में किसानों का समय पर गन्ने का भुगतान कराया। जिसने भुगतान नहीं किया उसे जेल भेजा, लेकिन सपा सरकार ने चार साल से गन्ने का रेट तक नहीं बढ़ाया।
उन्होंने कहा केंद्र सरकार विकास के दावों पर खोखली साबित हुई। हर-हर मोदी, घर-घर मोदी के नारा देकर केंद्र में आने वाली सरकार में लोगों अरहर की दाल तक नहीं मिल रही है।
उन्होंने कहा जो अपनी पत्नी का भला नहीं कर सका, वह देश का भी कभी नहीं हो सकता। इससे तो अच्छा है कि गुजरात ही लौट जाएं। सिद्दीकी ने कहा कांग्रेस ने गरीबी मिटाने की बात कही, लेकिन उन्होंने तो गरीबों को ही मिटा दिया। इसमें बसपा कोर्डिनेटर कमल जाटव, मांगेराम जाटव, संतराम जाटव, नवाब कोकब हमीद, लोकेश दीक्षित ने भी संबोधित किया। मुकेश जाटव ने सम्मेलन की समीक्षा की।
अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जय कुमार जाटव ने की। संचालन धर्मसिंह ने किया। इसमें बड़ौत विधायक लोकेश दीक्षित, वकील चौधरी, हेमलता चौधरी, मुकेश शर्मा, महेश प्रधान, शशिकांत प्रेमी, राजपाल लुहारी, संदीप प्रजापति, केवल सिंह गौतम, श्याम सुंदर, नीरज, नरेंद्र, अंकित मौजूद रहे।
बसपा में शामिल हुए
रविवार को सम्मेलन में अनिल मलिक, पूर्व चेयरमैन ओमवती, जरीफ प्रधान, नईम, महा सिंह चौहान, धर्मसिंह विकल, अजहर खान, दिलशाद, जाकिर, नौसाद, निजात खा समेत सैकड़ों लोगों ने रालोद छोड़कर बसपा में शामिल होने का ऐलान किया।