बागपत। डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने कहा कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। योजनाओं को धरातल पर लाकर पात्रों को लाभ दिलाएंगे। अधिकारी और कर्मचारी समय पर ऑफिस पहुंचकर अपना कार्य करें।
बृहस्पतिवार रात करीब पौने दस बजे नवांगुतक डीएम भवानी सिंह लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस पहुंचे। यहां सीडीओ हाकिम सिंह, एसडीएम आदित्य प्रजापति, एसडीएम बड़ौत दीपाली कौशिक, एसडीएम खेकड़ा राम प्रसाद, परियोजना निदेशक एमएल पटेल और डीडीओ हूब लाल ने नये डीए का स्वागत किया।
वर्ष 2010 बैच के आईएएस ऑफिसर भवानी सिंह मूल रूप से राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के रहने वाले हैं। इससे पहले वह सीडीओ बिजनौर भी रहे। निदेशक महिला कल्याण से उन्हें बागपत का डीएम बनाया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय पर ऑफिस नहीं पहुंचने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। गौरतलब है कि निवर्तमान डीएम हृदय शंकर तिवारी का तबादला राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर किया गया है।