बागपत के बड़ौत में पूर्वी यमन नहर की पटरी पर दिनदहाड़े बावली और किशनपुर बराल के बीच चार सशस्त्र बदमाशों ने बाइक से झिंझाना जा रहे एक दंपति से हजारों की नकदी और महिला के कानों के कुंडल लूट लिए।
झिंझाना निवासी रामपाल व उसकी पत्नी सरिता अपने कसबे से बाइक से किसी कार्यक्रम में भाग लेने बड़ौत आ रहे थे। जब वे पूर्वी यमन नहर की पटरी से गुजर रहे थे तो बावली व किशनपुर बराल के बीच चार सशस्त्र बदमाशों ने तमंचों के बल पर दंपति को रोक लिया। बदमाशों ने उनसे 7 हजार की नकदी व महिला से कानों के सोने के कुंडल लूट लिए। बदमाश उन्हें शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। वारदात के बाद भयभीत दंपति बिना किसी को बताए अपने गंतव्य को रवाना हो गया। रमाला थाना पुलिस का कहना है कि कोई रिपोर्ट दर्ज कराने नहीं आया है। यदि कोई आता है तो कार्रवाई की जाएगी।
सब्जी विक्रेताओं को बंधक बनाकर लूटा
पिलाना (ब्यूरो)। ढिकौली-बंथला मार्ग पर पिलाना भट्ठे के पास बाइक सवार सब्जी विक्रेताओं से तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर करीब 15 हजार रुपये नकद और मोबाइल लूट लिए। पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की है। ढिकौली निवासी अजय, ओमवीर और चमरावल निवासी आदेश सब्जी बेचते हैं। तीनों अपनी-अपनी बाइकों पर सवार होकर शनिवार सुबह करीब पांच बजे सब्जी खरीदने के लिए अमीनगर सराय कस्बे की मंडी में जा रहे थे। उनके मुताबिक, पिलाना भट्टे के पास घात लगाए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाश मारपीट कर उनको खेत में ले गए। वहां उनसे करीब 15 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल और बाइकों की चाबी लूटकर ले गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची।
रोशनगढ़ में आधा दर्जन नलकूपों में चोरी
पिलाना (ब्यूरो)। रोशनगढ़ गांव के किसान भोला, अमित, इलियास, लियाकत, हरपाल के नलकूपों से शुक्रवार रात चोरों ने ताले तोड़कर हजारों रुपये के विद्युत उपकरण और सामान चोरी कर लिया। घटना की बालैनी पुलिस से शिकायत की गई है।