बागपत। यूपी-हरियाणा बार्डर पर निवाड़ा पुलिस चौकी के पास जिला पंचायत के नाम पर अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। एक ट्रक चालक ने डीएम से शिकायत की। डीएम ने मामले को गंभीर मानकर एएमए को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जिला पंचायत के नाम पर अवैध वसूली रुकने का नाम नहीं ले रही है। मार्च माह में पुलिस ने छापामारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इससे पहले भी अवैध वसूली पर कार्रवाई हो चुकी है। इसकी गाज निवाड़ा चौकी पर भी गिरी थी। तत्कालीन चौकी इंचार्ज समेत सात पुलिस वाले सस्पेंड हुए थे।
शुक्रवार को अवैध वसूली की शिकायत कलक्ट्रेट पहुंची। मुजफ्फरनगर के खालापार निवासी विनोद ने डीएम को दिए ज्ञापन में बताया जिला पंचायत के नाम पर बड़े वाहन में लदे भूसा, कबाड़ा, लोहा, सरिया, खोई आदि से जिला पंचायत के नाम पर रशीद काटी जाती है, लेकिन मनमर्जी के अनुसार चालकों से वसूली की जाती है। किसी से 500 तो किसी से 700 रुपये तक वसूले जाते हैं।
विरोध करने पर चालकों से अभद्रता करते हैं और मारपीट तक कर देते हैं। इससे वाहन चालक परेशान हैं। पीड़ित ने अवैध वसूली करने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की है। डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने शिकायत पर संज्ञान लकर जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उधर, एएमए प्रदीप सक्सेना ने कहा मामला संज्ञान में नहीं है। शिकायत मिलती है तो टीम गठित कर कार्रवाई होगी।