बड़ौत/दोघट। लखनऊ में रिमोट डिवाइस लगाकर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल व डीजल की चोरी का खुलासा होने के बाद बड़ौत क्षेत्र में दूसरे दिन शुक्रवार को भी अधिकारियों ने पेट्रोल पंपों पर छापेमारी की। दाहा में राणा फिलिंग पेट्रोल पंप पर घटतौली पकड़े जाने पर पेट्रोल पंप को सीज किया गया। जबकि, दूसरा पेट्रोल पंप जांच में सही पाया गया।
शुक्रवार को दूसरे दिन भी एसडीएम दीपाली कौशिक, सीओ कर्मवीर सिंह, डीएसओ चमन लाल शर्मा, सैल अधिकारी गौरव सिंह व अन्य अधिकारियों ने दाहा गांव पहुंचकर पेट्रोल पंपों पर छापामारी की। इस दौरान राणा फिलिंग पेट्रोल पंप पर मशीन की बारीकी से जांच की गई तो वहां पर गड़बड़ी मिली। टीम ने पांच लीटर पेट्रोल लेकर उसकी नापतौल की तो वह 30 एमएल कम पाया गया। इस पर एसडीएम और अधिकारियों ने नाराजगी जताई और पेट्रोल पंप को सीज कर दिया। पेट्रोल पंप पर बिक्री पर रोक लगा दी गई है। इसके बाद अधिकारियों ने होशियारी देवी फिलिंग सेंटर दाहा पर छापा लगाया और वहां भी बारीकी से निरीक्षण किया लेकिन वहां सब कुछ ठीक पाया गया।
उधर, प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने दोघट क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर छापा लगाकर मशीनों की जांच की। टीम ने बताया जांच के दौरान पंप में कोई गड़बड़ी नहीं मिली है। लखनऊ में रिमोट डिवाईस लगाकर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की चोरी का खुलासा होने के बाद शुक्रवार को एसडीएम दीपाली कौशिक, सीओ कर्मवीर सिंह, डीएसओ चमन लाल शर्मा, सेल अधिकारी गौरव सिंह, बाट-माप अधिकारी नन्हे लाल ने दाहा गांव में बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर छापा लगाया और एक घंटे तक मशीनों को खोलकर जांच की। टीम ने बताया कोई गड़बड़ी नहीं मिली है। एसडीएम ने बताया जांच में कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई है। इसके लिए अलग से एक चिप लगा दी। इसमें छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।