बागपत में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व के अवसर पर शनिवार को मंदिरों को भव्य सजाया गया। भजन कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित हुए। भगवान श्रीकृष्ण की शोभायात्रा और झांकियां निकाली गई। इसमें श्रद्घालुओं ने बढ़-चढ़ कर भागीदारी की।
जन्माष्टमी पर्व पर नगर के पिपलेश्वर मंदिर को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया। शाम को कीर्तन का आयोजन किया गया। इसमें नन्हें-मुन्ने बच्चों ने सुंदर-सुंदर झांकियां प्रस्तुत की। मंदिर की अध्यक्षा पिंकी शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में विशाल ने शिवजी, खुशी चौहान ने पार्वती, गुनगुन ने राधा, तुषार ने कृष्ण जी, रमन ने सुदामा और अंकुश चौहान ने गणेश की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में विजय कुमार गौड़, राजेश्वरी देवी, शीला गर्ग, सुधा, उर्मिला, अंकित गौड़, विनोद चौहान का सहयोग रहा। अग्रवाल मंडी टटीरी में देशपाल पट्टी की चौपाल नंबर एक और भरभारनिया पट्टी की चौपाल नंबर दो के अलावा श्रीराधा-कृष्ण ठाकुरद्वारा मंदिर में जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया।
देशपाल पट्टी की ओर से भगवान श्रीकृष्ण की शोभायात्रा भी निकाली गई। देशपाल पट्टी में शिव शक्ति युवा समिति की ओर से निकाली गई शोभायात्रा का शुभारंभ अशोक कुमार ने फीता काटकर किया। शोभायात्रा नगर के मार्गों से होते हुए चौपाल पर ही संपन्न की गई। शाम को भजन कीर्तन का आयोजन कर भगवान गुणगान किया गया।
कलाकारों और अतिथियों को पुरस्कृत किया गया। कीर्तन का उद्घाटन करण सिंह उर्फ पिंकी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में अमित मानव, कुलदीप, प्रवीन कुमार, वीर सिंह, संजय, सत्यपाल मौजूद रहे। उधर भरभारनिया पट्टी में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन बसपा विधायक लोकेश दीक्षित और एमएलसी प्रशांत चौधरी ने किया। दीप प्रज्ज्वलित नगर पंचायत चेयरमैन सीमा ठाकुर ने किया। कार्यक्रम में संदीप लोट्टा, विजयपाल सिंह, विनोद कुमार का सहयोग रहा।
बच्चों ने किया शानदार नृत्य
बागपत। नगर के मिनी मिरकल प्ले स्कूल में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। इसमें राधा-कृष्ण की वेशभूषा में छोटे-छोटे बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया।
अनादि कौशिक, वंश, आरव, अरनव, सांची, रिद्धि, अराध्या, अनंत, कुशाग्र, अंशुमन आदि बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा की वेशभूषा में मैया यशोदा ये तेरा कन्हैया, राधा नाचेगी, श्याम के बिना, हैप्पी बर्डथे टू यू जैसे भगवान श्रीकृष्ण के गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर मन मोह लिया। स्कूल की प्रबंधक ज्योति कौशिक और प्रधानाचार्या प्रीति त्यागी ने बच्चों को पर्व की महत्ता बताई। कार्यक्रम में सुमन जोशी, सोनिया, रेणु का सहयोग रहा।