बागपत के गुराना और हिलवाड़ी मार्ग पर नवीन मंडी में गुड़ बेचकर भैंसा बुग्गी से अपने गांव औसिक्का जा रहे गुड़ व्यापारी से बाइक सवार तीन बदमाशों ने 38 हजार रुपये की नगदी लूट ली और विरोध करने पर तमंचों की बटों से हमलाकर घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों का तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं लगेे। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया।
लूट का शिकार हुआ सूबेद्दीन उर्फ काला पुत्र इसबा औसिक्का गांव का रहने वाला है। वह कोल्हू से गुड़ खरीदकर नवीन मंडी में बेचता है। मंगलवार को वह भैंसा बुग्गी से नवीन मंडी में गुड़ बेचने आया था। शाम को जब वह गुड़ बेचकर भैंसा बुग्गी से वापस अपने गांव औसिक्का जा रहा था। रास्ते में बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचों के बल पर उसे रोक लिया और उससे 38 हजार रूपये की नगदी लूट ली।
विरोध करने पर उस पर गोली भी चलाई, लेकिन गोली मिस हो गई। इसके बाद तमंचों से बटों से हमलाकर किया। इससे व्यापारी घायल हो गया और जान से मारने की धमकी देकर चले गए। सरे शाम लूट की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। इस संबंध में सूबेद्दीन ने तहरीर दी। इस संबंध में एसएसआई चितवन कुमार ने कहा लूट की घटना संदिग्ध लग रही है। इसकी जांच की जा रही है।