बागपत। डीएम राजकमल यादव ने कलक्ट्रेट लोकमंच सभागार में विकास और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। निर्माण कार्य समय अवधि के अंतर्गत गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इनकी थर्ड पार्टी से गुणवत्ता की चेकिंग भी कराई जाएगी। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को नई सड़कों के निर्माण में तेजी लाने और दाहा-भड़ल मार्ग दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। कहा कि आईसीआरएस संदर्भ व मुख्यमंत्री संदर्भ, प्रधानमंत्री संदर्भ की शिकायतों का गुणवत्ता के साथ निस्तारण किया जाए। शिकायतकर्ता संतुष्ट होना चाहिए। सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ पात्रों को मिलना चाहिए। सभी विभाग अपने लक्ष्य पूरे करें। गोशाला के नोडल अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन का निर्माण पूर्ण कराने, स्कूल, पीएचसी, उप केंद्र, खेल के मैदान पर अच्छे कार्य करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा जो ग्राम पंचायत सचिव पंचायत भवन के निर्माण कार्य में रुचि नहीं लेते हैं, उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि जारी कर वेतन रोका जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्य पर नाराजगी व्यक्त की। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में 62 का टारगेट था 55 को किस्त मिलीं। सात आवासों के कार्य में उदासीनता पाए जाने पर डीडीओ को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जल निगम को हर घर जल नल योजना पर प्रभावी कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने राशन वितरण में पारदर्शिता, कोविड के साथ स्वास्थ्य विभाग की अन्य योजनाओं पर भी जोर दिए जाने को कहा। वन विभाग को चेताया कि पौधरोपण का लक्ष्य पूरा करने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठकक में एडीएम अमित कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. आरके टंडन, सीडीओ अभिराम त्रिवेदी, डीडीओ हुबलाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।