बागपत। अग्रवाल मंडी टटीरी के लोहा व्यापारी विष्णु मित्तल उर्फ बंटी की दुकान पर बाइक सवार तीन नकाबपोश सशस्त्र बदमाशों ने दिन दहाड़े हमला कर करीब 90 हजार रुपये कैश, सोने की चेन और अन्य कीमती सामान लूट लिया। पीड़ित से सात माह पूर्व सचिन नंदा के नाम से दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।
टटीरी कस्बा निवासी विष्णु मित्तल की बागपत शहर के मेरठ रोड पर वात्सायन पैलेस के पास लोहे की दुकान है। वह सोमवार को अपने दुकान पर बैठे थे। उनका बेटा तरुण और कर्मचारी शमशाद के पास दुकान के बाहर चारपाई पर बैठे थे। शाम करीब तीन बजे बागपत शहर की ओर से बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश आए। इनमें एक बदमाश हेलमेट और दूसरा बदमाश मुंह पर कपड़ा लपेटे था। शमशाद के पास पहुंचकर बोले की लाला कहा है। उसने दुकान में अंदर बता दिया।
इसके बाद बदमाश दुकान में विष्णु मित्तल के पास पहुंचे। दो बदमाशों ने उस पर पिस्टल से हमला कर दिया। आरोपियों ने पिस्टल से गोली मारने का प्रयास किया। गोली पिस्टल में फंसकर मिस हो गई। इस दौरान विष्णु मित्तल ने बदमाशों से खूब हाथापाई की। बाद में बदमाश दुकान से करीब 90 हजार रुपये कैश, सोने की चेन, मोबाइल और अन्य सामान लूटकर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सीओ राजवीर सिंह ने कहा बदमाशों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है। जल्द ही केस का खुलासा कर दिया जाएगा।
कैमरे में कैद हुए बदमाश
बागपत। विष्णु मित्तल की दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगा होने के कारण पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। उसी के आधार पर पुलिस बदमाशों को पता लगाने के प्रयास में जुटी हुई है।
अपनी जान से ज्यादा बेटे की जान प्यारी
बागपत। विष्णु मित्तल की जिस समय हाथापाई हो रही थी। उसी समय वहां पर उसका बेटा तरूण पहुंच गया। विष्णु ने चिल्लाते हुए कहा बेटा यहां से भाग जा। उनके बेटे तरुण को नौकर शमशाद लेकर बाहर भागा। इस दौरान बदमाश ने तरुण को गाली देते हुए कहा रुक जा वरना गोली मार दूंगा।
सचिन नंदा के नाम से मांगी जा चुकी है रंगदारी
बागपत। विष्णु मित्तल से छह मार्च 2016 को सचिन नंदा के नाम से बाइक सवार तीन बदमाश चिट्टी देकर गए थे। पुलिस ने उनको पुलिस सुरक्षा मुहैय्या कराई थी। बाद में पुलिस ने केस का खुलासा कर दिया था।