चार ब्लॉकों छपरौली, बिनौली, बड़ौत और खेकड़ा के चार गांवों में निकाली गई यह राशि
इसकी जानकारी बीडीओ और एडीओ पंचायत को भी नहीं दी, सीडीओ ने दिए जांच के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। जनपद के चार ब्लॉकों छपरौली, बिनौली, बड़ौत और खेकड़ा के चार गांवों मेें विकास कार्य कराने के नाम पर प्रशासकों और ग्राम सचिवों द्वारा करीब 1.48 करोड़ की धनराशि निकाल ली गई। इसकी जानकारी बीडीओ और एडीओ पंचायत को भी नहीं दी गई। इस मामले मेें सीडीओ अभिराम त्रिवेदी ने संबंधित ब्लॉक के बीडीओ को जांच कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है।
ग्राम पंचायत चुनाव से पहले ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने पर शासन के निर्देशों पर गांवों में विकास कार्य कराने के लिए प्रशासक नियुक्त किए थे। इस दौरान जहां जनपद के आला अधिकारी चुनाव संपन्न कराने में जुट गए थे, वहीं गांवों में तैनात किए प्रशासक और ग्राम सचिव विकास कार्यों को कराने के लिए लाखों की धनराशि निकालने में जुट गए। चार ब्लॉक छपरौली, बिनौली, बड़ौत और खेकड़ा के चार गावाें में विकास के नाम पर करीब 1.49 करोड़ रुपये निकाले गए। इसकी जानकारी संबंधित बीडीओ और एडीओ पंचायत को भी नहीं दी गई। इसकी शिकायत सीडीओ सहित उच्चाधिकारियों के पास पहुंची। इसमें लाखों रुपये की हेराफेरी करने का आरोप लगाया गया। सीडीओ अभिराम त्रिवेदी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी बीडीओ को पत्र भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
यहां निकाली धनराशि
ब्लॉक गांव निकाली राशि
छपरौली किरठल 56, 51203
बड़ौत बावली 27,84338
छपरौली लूंब 40,05408
खेकड़ा सांकरौद 25,27988
सीडीओ का पत्र प्राप्त हुआ है। इसमें 25 लाख से अधिक की धनराशि निकालने के संबंध में जांच के लिए निर्देशित किया है। बताया कि शिकायतकर्ता ने निकाली गई धनराशि में हेराफेरी की आशंका जताई है। जल्द ही प्रकरण की जांच कर कार्रवाई के लिए रिपोर्ट सीडीओ को भेजी जाएगी। - राहुल वर्मा, बीडीओ बड़ौत ब्लॉक।