बागपत। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ागांव के पास कट पर इंटरचेंज बनाया जाएगा। इसके नहीं होने के कारण अभी तक वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी। रालोद सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर इंटरचेंज बनवाने की मांग की तो मंत्रालय से अब हरी झंडी मिल गई है।
सांसद ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बड़ागांव के पास इंटरचेंज बनवाने के लिए आदेश जारी कर दिए हैं। इसके बनने से इस कट से दोनों तरफ लोग आ जा सकेंगे। इससे बड़ी संख्या में लोगों को लाभ होगा। कट के पास स्थित जैन तीर्थ स्थल बड़ागांव एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है और यहां देशभर से श्रद्धालु पहुंचकर पूजा अर्चना करते हैं। पुरामहादेव मंदिर जाने वाले लोग भी इसी मार्ग से गुजरते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने प्रस्ताव पास कर जल्द ही इसके लिए निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया है।