गाजीपुर बॉडर पर पहुंचे गतलान सिंह के बेटे व नेता
- फोटो : BAGHPAT
भगवानपुर नांगल के किसान गलतान सिंह का नाम संयुक्त किसान मोर्चा ने शहीदों की सूची में सरकार को भेजा
गाजीपुर बॉर्डर भी पहुंचे किसान गलतान सिंह के परिजन, आर्थिक हालत ठीक नहीं होने पर मुआवजे की मांग उठाई
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। किसान आंदोलन में शहीद होने वाले भगवानपुर नांगल के किसान गलतान सिंह के परिजनो को मुआवजा दिलाने की पहल शुरू की गई है। संयुक्त किसान मोर्चा ने उनका नाम शहीदों की सूची में सरकार को भेजा है। जिससे उनके परिजनों को मुआवजा मिल सके। उनका नाम शहीद स्मारक पर लिखा जा सके। गलतान सिंह के परिजन गाजीपुर बॉर्डर भी पहुंचे और मुआवजा दिलाने की मांग उठाई।
भगवानपुर नांगल निवासी किसान गलतान सिंह भी गाजीपुर बॉर्डर पर आंदोलन में शामिल हुए थे। वहां एक जनवरी 2021 को सर्दी के चलते उनकी मौत हो गई थी। वह परिवार में अकेले कमाने वाले थे। वह दस बीघा जमीन में खेती करके परिवार का गुजारा करते थे। उनकी मौत के बाद परिवार में बुजुर्ग मां बाला देवी के अतिरिक्त पत्नी बबली, दो बेटे गौरव व मोनू है। अब परिवार की जिम्मेदारी गौरव व मोनू ने संभाली हुई है।
उन्होंने बताया कि उनके पिता की शहादत के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खराब हो गई है। वहीं, अब सरकार से शहीद किसानों को मुआवजा दिलाने की बात शुरू हुई तो गलतान सिंह का नाम भी सरकार को भेजी गई सूची में शामिल किया गया है। संयुक्त किसान मोर्चा ने इस तरह से गलतान सिंह के परिवार को मुआवजा दिलाने की पहल की है। दोघट के भाकियू नेता राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में गलतान सिंह का बेटा मोनू व अन्य किसान गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे। वहां किसान नेताओं से मुआवजे की बातचीत की गई। इसके साथ ही एक सदस्य को नौकरी दिलाए जाने की मांग की गई।