बागपत। अमेरिका में भारत से निर्यात होने वाले उत्पादों पर 50 फीसदी टैरिफ लगाए जाने के कारण करोड़ों रुपये के ऑर्डर निरस्त हो गए हैं। कारोबारियों को दोनों देशों के बीच वार्ता से समाधान निकलने की उम्मीद है तो वे उद्योग बचाने के लिए दूसरे देशों की राह भी देख रहे हैं।
यहां से घरेलू साज सज्जा का सामान और पावरलूम उत्पादों का अमेरिका में निर्यात होता है। कारोबारियों का मानना है कि यदि जल्द ही इसका समाधान नहीं निकला तो कारोबार घाटे में चले जाएंगे क्योंकि दूसरे देशों से ऑर्डर लेने और फिर उत्पाद निर्यात करने में काफी समय बीत जाएगा। ऐसे में कारोबार में होने वाला खर्चा वहन करना भी काफी कठिन होगा। इससे काफी उद्योग धंधों की यूनिट भी कम हो सकती है। 50 फीसदी टैरिफ लगाया जाने के बाद जिले में 50 करोड़ रुपये से अधिक के ऑर्डर निरस्त भी हो चुके हैं और नए ऑर्डर मिलने बंद हो गए हैं। इसके चलते कंपनियों ने नया माल तैयार करना भी बंद कर दिया है।
ये बोले उद्यमी
-हमारी कंपनी में पेपर पैकेजिंग के उत्पाद तैयार होते हैं। अमेरिका ने पहले 25 और फिर 50 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा की। इससे पांच करोड़ रुपये के ऑर्डर निरस्त कर दिए गए। दूसरे देशों से कारोबार करने में कई महीने का समय बीत जाएगा और सर्दी शुरू होने पर एक महीने की छुट्टी हो जाती है। बैंक ऋण की किस्त, कर्मचारियों का वेतन समेत अन्य खर्चे बराबर चलते रहेंगे। इनका वहन करना उद्यमियों के लिए काफी मुश्किल होगा। -अमितांशु अग्रवाल, उद्यमी
-पत्थर से तैयार होने वाले घरेलू साज सज्जा के उत्पाद अमेरिका तक निर्यात किए जाते हैं। भारतीय उत्पादों पर अमेरिका में 50 फीसदी टैरिफ लगाए जाने से काफी प्रभाव पड़ा है। पहले मिले हुए ऑर्डर निरस्त हो गए हैं। ऐसे में ब्रिटेन व दुबई समेत अन्य देशों में निर्यात के लिए ऑर्डर तलाशे जा रहे हैं लेकिन जल्दी ऑर्डर मिलना संभव नहीं है। जल्द ही वार्ता कर इसका समाधान निकाला जाए। -आशीष जैन, उद्यमी
-अमेरिका के टैरिफ लगाने के बाद से उत्पाद निर्यात पूरी तरह बंद हो गया है। यह स्थिति उद्योग के लिए ठीक नहीं है। हमारी कंपनी का करीब 25 करोड़ रुपये का ऑर्डर रोक दिया गया है। जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो उद्योगों में काफी घाटा हो जाएगा। दूसरे देशों से अभी कोई नया ऑर्डर नहीं मिला है। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमें समय लगेगा। कई देशों से अभी वार्ता भी चल रही है। सर्दी शुरू होने पर कई पोर्ट पूरी तरह बंद हो जाते हैं। -राहुल गोयल, उद्यमी।