बड़ौत(बागपत)। पांच लाख की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने पीड़ित चिकित्सक और उसके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है। साथ ही पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिये रंगदारी मांगने वाले बदमाश तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। सीओ का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
चिकित्सक डाक्टर सुरेश चंद शर्मा ने शनिवार को कोतवाली में दी तहरीर में बताया था कि उसका मकान में ही क्लीनिक भी है। 26 फरवरी की सुबह मुख्य दरवाजे पर एक छोटा साबुन का डिब्बा पड़ा मिला। डिब्बा खोलकर देखा तो उसमें हाथ से लिखी चिट्ठी और एक गोली की रखी हुई थी। चिट्ठी में पांच दिन में पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी न देने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। उसने जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई थी।
इस संबंध में सीओ आलोक सिंह का कहना है कि चिकित्सक को पुलिस सुरक्षा मुहैया करा दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होगा।