-पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव के खिलाफ दर्ज किया दूसरा मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। सोनीपत बस स्टैंड स्थित सपा के जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव ने यौन शोषण पीड़िता पर मुकदमे में समझौता करने का दबाव बनाया और परिवार समेत हत्या करने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने बालैनी के रहने वाले सपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
शहर की रहने वाली युवती ने बताया कि वह अग्रवाल मंडी टटीरी में सपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव के भाई सतेंद्र यादव के शोरूम पर काम करती थी। सतेंद्र यादव ने गाजियाबाद ले जाकर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। उसके साथ शादी करने का झांसा दिया। इसके बाद कई बार बाहर घुमाने ले जाकर दुष्कर्म किया। वह गर्भवती हो गई तो उसे जहरीली दवाई खिला दी।
इससे उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। बालैनी फार्म हाउस पर बुलाकर सतेंद्र यादव के भाई सपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव ने धमकी दी। जिसमें पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सतेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया था। अब आरोप लगाया कि सपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव ने सोनीपत स्टैंड पर स्थित सपा जिला कार्यालय में बुलाकर समझौता करने के लिए धमकाया।
समझौता नहीं करने पर परिवार समेत हत्या करने की धमकी दी। इस मामले में सीओ हरीश भदौरिया का कहना है कि पीड़िता को धमकाने के मामले में सपा जिलाध्यक्ष रविन्द्र यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।