बिजनौर। प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता ने भीषण गर्मी को देखते हुए पश्चिमांचल डिस्कांम के तहत आने वाले बिजनौर समेत 14 जनपदों के अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के ब्रेकडाउन अथवा विद्युत आपूर्ति में व्यवधान की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल प्रभाव से कार्यवाही करते हुए विद्युत आपूर्ति बहाल कराई जाए। विद्युत व्यवधान के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने बिजलीघरों पर कर्मचारियों की उपस्थिति एवं सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जनपद वार नियंत्रण कक्ष स्थापित है, जहां उपभोक्ता विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज करा सकते हैं। एमडी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि विद्युत आपूर्ति बाधित होती है तो कृपया धैर्य बनाए रखें तथा विद्युत विभाग का सहयोग करें। विभागीय कर्मचारी भीषण गर्मी एवं कठिन परिस्थितियों में लगातार कार्य कर, विद्युत आपूर्ति को शीघ्र बहाल करने में लगे हुए हैं।