शिकायत करने एसपी दफ्तर पहुंचे पीड़ित।
- फोटो : amar ujala
बागपत के मलकपुर गांव में शराब के लिए रुपये देने से मना करने पर एक परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले का आरोप गांव के कुछ लोगों पर है। शिकायत के बावजूद बड़ौत पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित परिजनों ने एसपी दफ्तर पर पहुंचकर प्रदर्शन किया।
मलकपुर गांव की महिला लक्ष्मी देवी का कहना है कि शनिवार को गांव के पांच-छह लोग उनके घर पहुंचे और शराब के लिए रुपये मांगने लगे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज कर बदसलूकी की। बाद में आरोपियों ने हमला कर दिया और परिवार के लोगों की बुरी तरह पिटाई की।
इससे उसके जेठ लहूलुहान हो गए। लक्ष्मी देवी, उसके पति प्रमोद, बेटे अजय, बेटी राधा को भी काफी चोट लगी। आरोपियों ने उसकी गर्भवती पुत्रवधु के पेट में भी लात मारी। पड़ोस के लोगों ने किसी तरह उनकी जान बचाई। घटना की शिकायत बड़ौत थाने में शिकायत की गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इससे वे काफी भयभीत हैं। पीड़ित परिजनों ने रविवार को एसपी दफ्तर पर पहुंचकर अपनी सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बड़ौत थाना प्रभारी विजय सिंह का कहना है कि मलकपुर में झगड़ा हुआ है। पीड़ित पक्ष ने अब तक इस संबंध में तहरीर नहीं दी है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।