बागपत। मौजिजाबाद नांगल भगवानपुर के परीक्षित कुमार की दोघट थाने में दस चक्कर काटने के बाद भी फरियाद नहीं सुनी गई। उसका रिवाल्वर थाने से गायब कर दिया गया है। वह एसपी को अपनी पीड़ा बताने के लिए सोमवार सुबह को नौ बजे ही उनके कार्यालय पहुंच गए, लेकिन दोपहर दो बजे तक भी अंदर नहीं जाने दिया गया। वहां बाहर बैठे पुलिस कर्मी उनसे एक घंटे बाद में आने वालों को अंदर भेजने लगे तो इस पर आपत्ति जताई। जिस पर पुलिस कर्मियों ने अभद्र व्यवहार किया।
यह पीड़ा केवल परीक्षित कुमार की ही नहीं है। इस तरह ही नौरोजपुर गुर्जर गांव के रोशनलाल का पूरा परिवार एसपी कार्यालय में जमीन पर चार घंटे से बैठा हुआ था। उनके बेटे अंकित की 20 मई को हत्या कर दी गई थी, लेकिन अभी तक पुलिस कुछ नहीं कर सकी हैं। वह बड़ौत कोतवाली के चक्कर काट रहे हैं और उनसे वहां सही से बात तक नहीं की जाती हैं।
गांधी गांव का सोहनपाल लाठी के सहारे एसपी कार्यालय पहुंचा। उसकी जमीन पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है और इसका विरोध करने पर हमला कर दिया गया। जान से मारने की धमकी मिल रही है तो वह भी अपनी फरियाद बताने के लिए पांच घंटे वहां इंतजार करना पड़ा। उसने भी आरोप लगाया कि एसपी कार्यालय में बाहर बैठे पुलिस कर्मी अपने जानने वालों के साथ आने वालों को पहले अंदर भेज रहे हैं।
--
100 से ज्यादा फरियादी पहुंचे
एसपी कार्यालय पर सोमवार को 100 से ज्यादा फरियादी पहुंचे। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि इतने ज्यादा फरियादी पहुंचे हो। बल्कि थानों में सुनवाई नहीं होने पर फरियादी एसपी के पास पहुंच रहे हैं, तो कई ऐसे भी फरियादी है जो सीधे एसपी कार्यालय ही पहुंचे। सबसे ज्यादा फरियादी बड़ौत क्षेत्र से एसपी कार्यालय पहुंचते हैं और वहां के थानों व सीओ कार्यालय तक में कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
अंदर लगा है आरओ, अब बाहर भी लगवाएंगे
एसपी नीरज कुमार जादौन ने फरियादियों की कार्यालय में पानी की व्यवस्था नहीं होने की शिकायत पर खुद जाकर व्यवस्थाओं को देखा। वहां एक आरओ अंदर लगा हुआ है जो वहां आने वाले फरियादियों को नहीं दिखाई देता है। इस पर एसपी ने एक नया आरओ बाहर भी लगवाने की बात कही है, जिससे पानी की समस्या दूर हो सके।
कोट...
ऐसा जरूर होता है कि ज्यादातर फरियादी काफी ज्यादा आते हैं और किसी दिन कम रहते हैं। सोमवार को कुछ ज्यादा फरियादी आते हैं। यहां आने वालों की समस्या का निस्तारण थाना प्रभारियों को निर्देश देकर तुरंत कराया जाता है। फरियादियों के बैठने व पानी की व्यवस्था कराई हुई है। अगर पानी या अन्य कोई समस्या है तो उसको दिखवाकर दूर कराया जाएगा। - नीरज कुमार जादौन, एसपी
साहब कौन ओर कब सुनेगा हमारी समस्या,थाने ओर एसपी के दरबार में बार-बार चक्कर लगाकर थक गए हम:बागपत एसप- फोटो : BAGHPAT