रमाला। नाराज होकर पत्नी के मायके जाने पर पति ने रविवार दोपहर विषाक्त पदार्थ निगल लिया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। थाना क्षेत्र के गांव का यह युवक मजदूरी करता है। परिजनों के मुताबिक युवक का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इससे पत्नी नाराज होकर अपने मायके चली गई। युवक ने पत्नी को बुलाने के लिए फोन किया तो उसने आने से इंकार कर दिया। युवक उसे लेने ससुराल भी गया, लेकिन वह नहीं आई। इस पर युवक ने रविवार की दोपहर विषाक्त पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया है। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
किसान के खाते से 26 हजार रुपये उड़ाए
बालैनी। डौलचा गांव के किसान ओमप्रकाश पुत्र श्योराज सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया कि शनिवार को उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि तुम्हारे बैंक खाते में रुपये ट्रांसफर करवा रहा हूं। फोन पर बात करते करते ही ठग ने उसके खाते से दो बार में 26 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने पुलिस से रुपये वापस दिलवाने की मांग की है। संवाद
कार्रवाई न करने का आरोप
दोघट। आजमपुर मुलसम गांव में एक सप्ताह पूर्व एक मकान में घुसकर तीन लोगों ने एक महिला के साथ मारपीट कर अभद्र व्यवहार किया था। महिला ने दोघट थाने पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। संवाद