संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। मायके से एक लाख रुपये लाने से मना करने पर शराबी पति ने पत्नी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने परिजनों के साथ कोतवाली में पहुंच पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार को नगर निवासी एक विवाहिता मायका पक्ष के साथ खेकड़ा कोतवाली में पहुंची। जहां विवाहिता ने कोतवाली में दी तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि वह गाजियाबाद निवासी है। उसकी शादी दो वर्ष वर्ष खेकड़ा निवासी एक युवक के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही उनके बीच अनबन चली आ रही है। उसका पति शराब पीने का आदि है। वह शादी होने के कुछ दिन बाद से ही मायके से एक लाख रुपये लाने की मांग करता चला आ रहा है। रुपये न लाने पर वह शराब के नशे में आए दिन उसके साथ मारपीट करता रहता है। मंगलवार की सुबह भी उसने शराब के नशे में लाठी-डंडे से मारपीट कर उसे घायल कर दिया और घर से निकाल दिया। विवाहिता ने पुलिस से पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा का कहना है कि विवाहिता की तहरीर मिल गई है। मामले की जांच पड़ताल कराकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होगी।