स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्थायी जेल में बंदियों के कोरोना जांच को सैंपल लिए
जिला जेल प्रशासन ने राहत की सांस ली
खेकड़ा। जिला जेल के अधिकारियों और बंदियों की कोरोना जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद जिला जेल प्रशासन ने राहत की सांस ली। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगर स्थित अस्थायी जेल में पहुंचकर बंदियों के कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए।
क्षेत्र के गांव अब्दुलपुर स्थित जिला जेल में मार्च माह में एक बंदी कोरोना पॉजिटिव मिला था। इसके बाद प्रशासन ने जेल के बंदियों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए खेकड़ा नगर स्थित एमएम डिग्री कॉलेज में अस्थायी जेल शुरू करा दी थी। जून माह में अस्थायी जेल में भी बड़ौत निवासी एक बंदी संक्रमित मिल गया था। इसके बाद सावधानियां बरतते हुए जेल में आने वाले सभी बंदियों के कोरोना जांच के लिए सैंपल कराने शुरू किए गए। पिछले दिनों जिला जेल के अधिकारी और स्टाफ के 22 सदस्यों और अस्थायी जेल के सभी 40 बंदियों के सैंपल लिए थे। मंगलवार को उनकी जांच रिपोर्ट नेगेटिव आ गई। कोविड अस्पताल के प्रभारी डॉ. ताहिर ने बताया कि जिला जेल के अधिकारियों और बंदियों के लिए गए सभी सैंपलों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने के चलते जेल प्रशासन ने राहत की सांस ली।