बागपत। विधानसभा की आश्वासन समिति ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ लंबित 61 मामलों को लेकर समीक्षा बैठक की और अधूरे कार्यों पर नाराजगी जताई। विकास की रैंक गिरने, बकाया गन्ना भुगतान, मेडिकल काॅलेज निर्माण व रमाला चीनी में डिस्टलरी लगवाने के मामलों को लेकर भी नाराजगी जताई। स्कूल की रसोई बेहद छोटी देख समिति में शामिल विधायक हैरान रह गए। जिला कारागार का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार की हिदायत दी।
समिति के अध्यक्ष एवं छपरौली विधायक डाॅ. अजय कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में सरकार द्वारा विधानसभा में दिए गए आश्वासनों पर अभी तक हुए कार्य की समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने मलकपुर मिल के 384 करोड़ रुपये बकाया गन्ना भुगतान नहीं कराए जाने पर डीएम तथा डीसीओ से नाराजगी जताई और भुगतान का निर्देश दिया। रमाला चीनी मिल में डिस्टलरी लगाने का आश्वासन पूरा नहीं होने पर डीसीओ ने कहा कि मामला शासन में विचाराधीन है।
अध्यक्ष ने डीएम को रमाला मिल में एथेनाॅल प्लांट लगाने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजने और मेडिकल काॅलेज के लिए जल्द जगह तय करके निर्माण प्रक्रिया शुरू कराने के निर्देश दिए। सड़क निर्माण व गड्ढामुक्त करने में प्रदेश में बागपत की रैंक गिरने लोनिवि के एक्सईएन पर नाराजगी जताई। बाछौड़ में मई 2022 में एक दारोगा पर उत्पीड़न का आरोप लगाकर मां व दो बेटियों के आत्महत्या करने पर पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद नहीं मिलने पर भी वह नाराज हुए।
इसके लिए डीएम को शासन को रिमाइंडर भेजने का निर्देश दिया। चौगामा नहर परियोजना पूरी नहीं होने, सड़कों का निर्माण नहीं होने, ट्रामा सेंटर की स्थापना में देरी होने, जिला संयुक्त चिकित्सालय में पुनर्वास केंद्र में सुधार लाने, सीएचसी में डॉक्टरों की कमी दूर करने, हिंडन व कृष्णा नदी को प्रदूषण मुक्त करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
यूपी-हरियाणा सीमा पर 236 पिलर लगाने, बागपत तथा बड़ौत शहर में पिंक शौचालय बनवाने के लिए कहा गया। राशन वितरण तथा अन्य विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को सुधार लाने की हिदायत दी।
जिला कारागार का निरीक्षण किया तो वहां शौचालय की व्यवस्था सही करने का निर्देश दिया। समिति में बदायूं के दातागंज से विधायक राजीव सिंह, मुरादाबाद के बिलारी विधायक मोहम्मद फहीम अहमद, संभल के गुन्नोर से विधायक राम खिलाड़ी और बलिया जिले की विधायक केतकी सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।