-रेत की ट्रैक्टर-ट्राली रोकने पर हिस्ट्रीशीटर ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर दिया घटना को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
छपरौली। कस्बे में रेत से लदी ट्रैक्टर ट्राली रोकने पर हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियों के साथ मिलकर सिपाही और होमगार्ड पर ट्रैक्टर चढ़ाकर कुचलने का भी प्रयास किया। साथ ही नुकीले हथियार से हमला कर दोनों को घायल कर दिया। पुलिस टीम के आने पर हमलावर हिस्ट्रशीटर और उसके साथी ट्रैक्टर छोड़कर भाग गए।
सिपाही धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार रात होमगार्ड मैनपाल सिंह के साथ गश्त कर रहा था, तभी यमुना से रेत खनन कर लाये जाने की जानकारी हुई। उन्होंने मोहल्ला कुरेशियान में रेत से लदी ट्रैक्टर ट्राली को रोककर रॉयल्टी जमा करने के बारे में पूछताछ की। आरोप लगाया कि ट्रैक्टर में बैठे हिस्ट्रीशीटर दीपक निवासी पट्टी धंधान ने जान से मारने की धमकी दी और अपने साथी विजय, गौरव के साथ मिलकर दोनों को पीटना शुरू कर दिया। जिन्होंने ट्रैक्टर से नुकीला हथियार निकालकर दोनों को घायल कर दिया। उन्होंने थाना प्रभारी को घटना के बारे में बताया, तभी पुलिस टीम को आता देख हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों ने दोनों के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाकर कुचलने का प्रयास किया, जिससे दोनों बाल-बाल बच गए। पुलिस टीम के आने से पहले तीनों हमलावर ट्रैक्टर छोड़कर खेतों में भाग गए। इस मामले में सीओ विजय चौधरी का कहना है कि हिस्ट्रीशीटर दीपक, विजय और गौरव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश में दबिश दी जा रही है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।