बागपत की शौकत मार्किट में भरा बारिश का पानी
- फोटो : BAGHPAT
बागपत/रमाला/दोघट। जिले में शनिवार को हुई तेज बारिश से सिसाना गांव में नेशनल हाईवे तालाब बन गया। लोगों को हाईवे से निकलने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। डीएम ने इसको लेकर सख्ती दिखाते हुए एनएचएआई को जलभराव की समस्या का समाधान कराने के लिए पत्र लिखा। वहीं, दोघट क्षेत्र के पुसार गांव के ग्रामीणों ने जलभराव के कारण से परेशान होकर मकान बिकाऊ के पोस्टर चस्पा कर दिए हैं।
पुसार गांव में कुम्हारों वाले मोहल्ले में चार माह से मुख्य रास्ते पर जलभराव है। गंदा पानी ग्रामीणों के मकानों तक पहुंच गया है। गांव के करीब पचास परिवारों को जलभराव के कारण दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। गांव के ब्रह्मपाल, शीशपाल, इंतजार, राजू, मांगेराम, अन्नू, संजय, बुद्धू, नरेश ने अपने मकानों पर मकान बिकाऊ है। इसके पोस्टर चस्पा कर दिए हैं। एसडीएम बडौत दुर्गेश मिश्रा का कहना है कि यह मामला संज्ञान में नहीं है। बीडीओ को भेजकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
उधर, रमाला के कंडेरा गांव में तालाब ओवरफ्लो गया है। तालाब का गंदा पानी रास्तों व घरों में भर गया है। ग्रामीण रमेश. सनी, योगेश, अंकुर, राहुल का कहना है कि जलभराव के कारण गांव में बीमारी होने की संभावना है। लोगों को रास्तों से निकलने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है।