बागपत के खेकड़ा में दो साल पहले फेसबुक पर अलग-अलग संप्रदाय के युवक-युवती का संपर्क हुआ तो दोनों के बीच प्रेम परवान चढ़ने लगा। मेरठ के मवाना निवासी युवती सोमवार को प्रेमी के घर खेकड़ा आ धमकी और परिजनों से प्रेमी को बुलवाकर अपने साथ शादी कराने की बात कही।
परिजन नहीं पसीजे तो उसने थाने पहुंचकर युवक के खिलाफ चार माह का गर्भ जबरन गिरवाने, दो साल तक शादी का झांसा देकर अस्मत लूटने और प्रेमी के भाई के खिलाफ मारपीट की मौखिक शिकायत की। अब मुअज्जिज लोग युवती को समझाकर समझौते के प्रयास में जुटे हैं।
मवाना निवासी 22 साल की युवती की मां की मौत हो चुकी है, जबकि पिता सऊदी अरब में रहते हैं। सोमवार को वह खेकड़ा में कथित प्रेमी के मकान पर पहुंची।
प्रेमी के न मिलने पर उसने परिजनों से कहा कि उसे बुलाकर मेरे साथ शादी कराएं। अन्यथा वह धोखेबाज प्रेमी के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करा देगी। उसने आज प्रेमी के भाई द्वारा अपने साथ मारपीट का भी आरोप लगाया है।
प्रेमी के परिजन टस से मस नहीं हुए तो युवती खेकड़ा थाने पहुंच गई। उसने एसएसआई मोहम्मद कामिल एवं अन्य पुलिसकर्मियों से कहा कि उसके प्रेमी को परिजनों ने ही जबरन दबाव बनाकर बाहर कहीं ले जाकर छिपा रखा है।
वे उन दोनों की शादी में बाधक बने हैं। युवती ने बताया कि उसकी मां की मौत हो चुकी है, जबकि पिता सऊदी अरब में नौकरी करता है। वह एमसीए की पढ़ाई कर रही है। उसकी दो छोटी बहनें और दो भाई हैं।
पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। वही कुछ लोग देर रात तक प्रेमी के परिजनों और युवती के बीच समझौता कराने के प्रयास में जुटे थे। समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई थी।