जिले की सड़कों पर कांवड़ियों की संख्या बढ़ने लगी है। शनिवार से ट्रैफिक डायवर्ट प्लान लागू हो जाएगा। इसके तहत जिले में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंध रहेगा।
एसडीएम बागपत विवेक कुमार यादव ने बताया कि शनिवार से बड़े वाहनों की जिले में नो एंट्री हो जाएगी। इसके बाद 19 से 23 जुलाई तक सड़क पर कांवडिय़ों के वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। हरियाणा, दिल्ली, गाजियाबाद समेत अन्य जिलों से आने वाले वाहनों को बॉर्डर पर रोक दिया जाएगा।
19 जुलाई से शिवभक्तों के वाहन छोड़कर अन्य वाहनों को डायवर्ट कर दिया जाएगा। डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने बताया कि मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई है। किसी भी शिवभक्त को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। शिविरों में पर्याप्त रोशनी और दवा के इंतजाम के आदेश दिए गए हैं।
उधर, कांवड़ यात्रा के कारण 19 से 22 जुलाई तक शिक्षण संस्थाओं की छुट्टी रहेगी। डीआईओएस पीके मिश्रा ने बताया कि 19 से शिक्षण संस्थाएं बंद रहेगी। 23 जुलाई को रविवार का अवकाश है। शिक्षण संस्थाएं पांच दिन बाद 24 जुलाई को खुलेंगी।
खेकड़ा में शिवरात्रि पर्व नजदीक आते ही माहौल पूरी तरह भगवान शिव के रंग में रंगने लगा है। शिव भक्त श्रद्व के साथ नगर क्षेत्र से भारी संख्या में कांवड़ लेने के लिये ट्रेनों में रवाना हो रहे है। कांवड़ को सजाकर भगवान शिव के जयघोष के साथ रेलवे स्टेशनों, हाल्टों पर पहुंचकर कांवड़ों को ट्रेन की बोगियों की खिड़कियों पर बांधकर रवाना हो रहे है। दूसरी ओर, शिव भक्त मंदिरों को भव्य ढंग से सजाने में लगे हैं। श्रद्वालुओं में शिवरात्रि पर्व को लेकर खासा उत्साह बना हुआ है।
पुरा महोदव की निगरानी करेंगे कमांडो
पुरा गांव के परशुरामेश्वर महादेव मंदिर की सुरक्षा एटीएस के अलावा कमांडो भी करेंगे। मेला सेल प्रभारी वीके शर्मा ने बताया कि कमांडो की दो टीम भी मेले में मंदिर की सुरक्षा में रहेगी।
चूक करने वाले नपेंगे : एसपी
बागपत। एसपी डी प्रदीप कुमार ने क्राइम मीटिंग ली। उन्होंने कहा कि पुरा महादेव मेले की तैयारी में अधिकारी जुट जाएं। लापरवाह पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
शिवभक्तों के लिए चलाई गई अतिरिक्ति ट्रेन
रेलवे प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों के लिए दिल्ली-सहारनपुर रेलमार्ग पर एक अतिरिक्त ट्रेन का संचालन किया है। दूसरी ओर, कांवड़ और गंगाजल लेने के लिए क्षेत्र से काफी संख्या में शिवभक्त ट्रेनों और बसों से हरिद्वार की ओर रवाना होने लगे हैं।
स्टेशन अधीक्षक पीके बोस और स्टेशन मास्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि शिवभक्तों के लिए एक 74023 पैसेंजर ट्रेन को संचालित किया है ताकि हरिद्वार तक जाने के लिए उन्हें ज्यादा परेशानी न हो। शुक्रवार को भी काफी संख्या में शिवभक्त रेलवे स्टेशन से रवाना हुए।
उधर कांवडिय़ों की सुरक्षा के मद्देनजर जीआरपी थानाध्यक्ष अजय पंवार ने पुलिस टीम के साथ ट्रेनों मेें चेंकिग अभियान चलाया। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। यात्रियों के सामान की तलाशी ली गई। जीआरपी थानाध्यक्ष अजय पंवार का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी।