रालोद के राष्ट्रीय महासचिव जयंत चौधरी ने कहा कि किसानों के साथ हो रहे अत्याचार को रालोद सहन नहीं करेगा। जीएसटी से किसानों को परेशानी होगी और व्यापारियों के लिए भी मुश्किलें होंगी। कृषि उपकरण, कपड़ा और सराफा से जुड़े लोगों की दिक्कत बढ़ेगी।
जयंत चौधरी शुक्रवार को सूजती गांव में हार्ट अटैक से आईटीबीपी के जवान विपिन राठी के निधन पर उसके परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे थे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जीएसटी में उद्योगपतियों को तो लाभ है।
लेकिन छोटे व्यापारियों को नुकसान है। हर दसवें दिन जिन दुकानदारों को ब्यौरा भेजना होगा। दुकानदारों पर इसका अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पहली बार खेती के उपकरणों पर टैक्स लगा है जबकि खेती से संबंधित उपकरण पहले कर मुक्त थे। चौधरी ने कहा कि रालोद ऐसी पार्टी है, जिसने लखनऊ में किसानों की आवाज को उठाया है।
कर्ज माफी अन्य मुद्दों पर कार्यकर्ताओं ने लाठी भी खाई। रालोद किसानों के साथ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। पुलिस खुद सुरक्षित नहीं है। पूर्व विधायक वीरपाल राठी, जिलाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर, पूर्व चेयरमैन सोमपाल राठी, अश्वनी कुमार, युवा जिलाध्यक्ष प्रमेंद्र तोमर, राजू तोमर, बिजेंद्र, रामछैल, सुरेश पंवार, देवपाल राणा, सत्यवीर राठी, बिजेंद्र राणा, सुरेश मलिक, किरतपाल प्रधान, बिजेंद्र प्रधान, पवन राठी, मास्टर भगत सिंह और राजेंद्र राठी मौजूद रहे।