भीषण गर्मी के साथ लू के थपेड़ों ने लोगों का बुरा हाल कर दिया। आग उगल रहे सूरज और लू के थपेड़ों के कारण बदन झुलस रहा है। गर्मी अधिक होने के कारण पंखे भी गर्म हवा दे रहे हैं। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहा।
गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। सूरज की तपिश और लू से लोगों का हाल बेहाल हो रहा है। गर्मी अधिक होने के कारण पंखे की हवा में भी पसीना नहीं सूख रहा है। दोपहर में लोगों की आवाजाही कम हो रही है। नगर के बाजारों में भी लोग सुबह और शाम को खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं।
चिकित्सक भी लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत ने गर्मी से बचाव के लिए धूप में छतरी का इस्तेमाल करने, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने, बार-बार पानी पीते रहने और खाली पेट न रहने की सलाह दी है। उनका कहना है कि खाली पेट रहने पर लू लगने का खतरा अधिक रहता है।
गर्मी में बेहोश हुई छात्रा
गर्मी अधिक होने के कारण मंगलवार को राजकीय कन्या इंटर काॅलेज की आठवीं की छात्रा सुहाना बेहोश हो गई। काॅलेज स्टॉफ ने छात्रा को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने उसका इलाज कर गर्मी से बचाव और पेय पदार्थों का अधिक सेवन करने की सलाह दी।