-जिला अस्पताल, सीएचसी व पीएचसी में आरक्षित किए गए बेड
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। दीपावली को लेकर जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में है और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष तैयारी की है। दीपावली तक जिले के सभी डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
दीपावली त्योहार तक किसी भी स्वास्थ्य कर्मी को छुट्टी नहीं मिलेगी। 108 एंबुलेंस चालक व परिचालकों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत उपचार मिल सके। दीपावली पर जिला अस्पताल समेत सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 24 घंटे इलाज की व्यवस्था की गई है। सभी सीएचसी प्रभारियों को पत्र जारी कर सतर्क रहने, पर्याप्त मात्रा में दवाई का भंडारण करने और इमरजेंसी वार्ड को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि किसी भी डॉक्टर या पैरामेडिकल स्टाफ के बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। दीपावली के दौरान पटाखों से झुलसने और आंखों की चोट जैसी घटनाएं आम होती हैं। इन्हीं संभावित खतरों को देखते हुए जिला अस्पताल प्रशासन ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है। जिला अस्पताल में 10 बेड आरक्षित रखे गए हैं और सीएचसी में चार-चार, पीएचसी स्तर पर भी दो-दो बेड इमरजेंसी मरीजों के लिए सुरक्षित रखे गए हैं।
इसके अलावा आंखों से संबंधित उपचार और फूड प्वाइजनिंग जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से निपटने के लिए दवाई का स्टॉक रखा गया है। सीएमओ डॉ. तीरथलाल ने कहा कि दीपोत्सव तक स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टी पर रोक लगा दी है और स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में दवाई रखी गई है।