बागपत। शहर के स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार की रात को टटीरी में मारपीट में घायल महिला रामो देवी को चिकित्सक ने अस्पताल में भर्ती नहीं किया। पहले थाने में कागज लेकर आने की बात कहते हुए वापस भेज दिया गया।
अग्रवाल मंडी टटीरी कस्बे में मंगलवार को रुपये के लेनदेन को लेकर मारपीट हो गई थी। इसमें महिला रामो देवी घायल हुई थी। घायल महिला को लेकर उसका बेटा राकेश बागपत सीएचसी में उपचार के लिए लेकर पहुंचा। वहां चिकित्सक को उपचार करने के लिए कहा, लेकिन चिकित्सक ने कोतवाली के कागज मांगे। राकेश ने रिपोर्ट नहीं होने की बात कही तो चिकित्सक ने उपचार करने से मना कर दिया और घायल महिला को वापस भेज दिया। राकेश अपनी मां को लेकर भटकता रहा। बाद में पुलिस के आने के बाद उपचार किया गया। वहीं सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा हुआ तो जांच कराई जाएगी।