हैंडपंप ठीक कराने की मांग को लेकर लोगों का प्रदर्शन, समस्या का समाधान कराने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। नगर पंचायत टीकरी के लोग भीषण गर्मी में पेयजल के लिए तरस रहे हैं। कस्बे के अधिकांश हैंडपंप खराब पड़े है और जो ठीक है, उनमें गंदा पानी आ रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार समस्या का समाधान कराने की मांग की जा चुकी है, मगर समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। शनिवार को लोगों ने हैंडपंप ठीक कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
पट्टी मैनमाना में हरवीर, ओमपाल, हरपाल, रामधन, कृष्णपाल, चरण, राजेंद्र प्रजापति, सत्यवीर के घरों के बाहर लगे हैंडपंप बंद पड़े है। इसके अलावा पट्टी मैनमाना के वार्ड नंबर छह में शीतल, बिंदर प्रजापति के घर के बाहर लगाए गए नल भी खराब पड़े हुए है। ऐसा ही कुछ हाल पट्टी धिमाना के वार्ड का है। पट्टी धिमाना के वार्ड संख्या 12 में जैन मंदिर, कृष्णा मंदिर, सुरेंद्र, इंद्र, प्रदीप, गुलवीर, रामधन हरिजन, वेद सिंह, व पक्की चौपाल में लगा हैंडपंप भी खराब है। पट्टी धिमाना के ही वार्ड संख्या दो में पवन, सोमनाथ, जगवीरा, गोपाल, चरण सिंह का हैंडपंप खराब है। पट्टी धिमाना के ही वार्ड संख्या नौ खाबड़ा मोहल्ले में आशु, नरेश दीवान, मा मांगेराम के मकान और पट्टी दाबड़ा में वार्ड संख्या एक में सन्नी के मकान के पास लगाया गया नल खराब है। पट्टी रातराना के वार्ड संख्या सात में विक्की विकास, रमन, के मकान के पास व छोटे बाजार में भी कई नल बंद पड़े है। भीषण गर्मी में पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों ने शनिवार को नगर पंचायत के खिलाफ प्रदर्शन कर हैंडपंप ठीक कराने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में श्रीपाल, आशु, सोनू, बॉबी, गौरव, ऋषिपाल रहे।
कस्बे में लगभग 20 हैंडपंप का रिबोर होना है। रिबोर वाले हैंडपंप की सूची तैयार करा ली है, जल्द ही टेंडर छोड़कर हैंडपंपों को ठीक कराया जाएगा। - सोमपाल राठी, चेयरमैन