बागपत। पत्नी को तीन तलाक देकर निकाह करने पहुंचा दूल्हा व उसका भाई जेल पहुंच गए हैं। खेकड़ा निवासी दूल्हे के खिलाफ पत्नी ने तीन तलाक देकर निकाह करने का प्रयास व मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कराया। जिसमें पुलिस ने दूल्हे व उसके भाई को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। वहीं महिला ने अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
खेकड़ा निवासी एक युवक रविवार को ग्राम निवाड़ा में निकाह करने पहुंचा था। वहां निकाह की रस्म होने से पहले ही दूल्हे की मूलरूप से बड़ौत व वर्तमान में लोनी निवासी पहली पत्नी पहुंच गई और हंगामा कर दिया। उसने आरोप लगाया कि उसका निकाह छह साल पहले हुआ था। उसे कई साल बाद पता चला कि उसके पति ने पहले ही एक निकाह किया हुआ है। इसको लेकर विवाद रहने लगा तो उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। वह रविवार को तीसरा निकाह करने निवाड़ा पहुंच गया। उसने वहां विरोध किया तो उसके व भाई के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने आरोपी दूल्हे, उसके भाई व अन्य परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ बागपत अनुज मिश्रा के अनुसार आरोपी दूल्हे व उसके भाई को कोर्ट में पेश करके जेल भेजा गया है।