अमीनगर सराय (बागपत)। दो पोत्रों के साथ अपनी बहन के यहां होली की कोथली लेकर जा रहे बुजुर्ग की स्कूटी में कैड़वा मोड़ पर पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दादा और एक पौत्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा पौत्र गंभीर घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल को पिलाना सीएचसी में भर्ती कराया। साथ ही दादा-पौत्र के शवाें को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हादसे से परिजनों में कोहराम मचा है।
ढिकौली निवासी राजबीर (56) पुत्र बिजेंद्र रविवार की दोपहर रंछाड में अपनी बहन के यहां होली की कोथली लेकर जा रहे थे। स्कूटी पर उनके साथ पौत्र चिराग (5) पुत्र अंकुर और वंश (7) पुत्र अनुज भी थे। बड़ौत रोड पर कैड़वा मोड़ के पास पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे तीनों सड़क पर गिर गए। ट्रक का पहिया चिराग के ऊपर से उतर गया। राजबीर की भी मौके पर ही मौत हो गई जबकि वंश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दादा-पौत्र के शवाें को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही घायल वंश को पिलाना सीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया जबकि आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों ने ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी। हादसे के बाद ढिकौली गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।