बागपत महोत्सव में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में कवि सम्मेलन का आयोजन
देशभक्ति के साथ चुनाव माहौल पर अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मनमोह लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बागपत अमृत महोत्सव में शनिवार को सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज में मिशन शक्ति सम्मेलन एवं सुशासन दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शाम को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में कवि सम्मेलन में राजस्थान, दिल्ली, लखनऊ से आए कवियों ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। देशभक्ति के साथ चुनाव माहौल पर अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मनमोह लिया।
बागपत अमृत महोत्सव के अंतर्गत डीएम राजकमल यादव, एडीएम अमित कुमार सिंह ने संयुक्त रुप से मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुुभारंभ किया। डीएम ने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। इस मौके पर स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के उपरांत विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। शाम को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। अलवर से आए कवि बलबीर सिंह करुण ने ‘देश की माटी दे आवाज, तीर से निकल चले जांबाज, तो किसकी मां का ऐसा दूध, देश पर आंख उठाए जो किसके कांधे पर दो शीश’ सुनाकर युवाओं में देशभक्ति का जोश भरा। कवि सुनहरी लाल ने ‘सिंहनी भी मेमनों को लोरियां सुना रहीं, चूहों को गोद में लेकर बिल्लियां झुला रही, सारे ही खल बदल गए चुनाव आ गए, नेता उछल-उछल पड़े चुनाव आ गए’ सुनाकर खूब वाहवाही लूटी। कवि कमलदीप जिंदल ने देश भक्ति की कविताओं साथ ही बागपत के परिवर्तन पर विचार कविता के माध्यम से सबके सामने रखे। रटौल के आम और मतदान जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए भी कविताएं सुनाई। इसके अलावा अलवर के सर्वेश अस्थाना, दिल्ली से डॉ प्रवीण शुक्ल के अलावा डॉ श्वेता श्रीवास्तव, कल्पना शुक्ल और सुनहरी लाल पंत, पीके आजाद ने लोगों का भरपूर मनोरंजन कर वाहवाही लूटी।
कार्यक्रम में सीडीओ रंजीत सिंह व एडीएम अमित कुमार सिंह डीआईओएस रवींद्र सिंह, प्रधानाचार्य अंतरिक्ष कुमार, धर्मपाल सिंह, डा. सत्यवीर सिंह, गीता शर्मा, डा. प्रीति शर्मा, छवि श्रीवास्तव, भावना, रोहित चौहान, जयप्रकाश रूहेला, मोनू कुमार मौजूद रहे।