युवती ने की हाथ की नस काटने की कोशिश
दोघट। थाना क्षेत्र के एक गांव से पांच दिन पहले प्रेमी के साथ फरार हुई युवती को ग्रामीणों ने स्वयं ही खोज निकाला। परिजनों ने उसे घर में रखने से इंकार कर दिया। युवती ने कैंची से हाथ की नस काटने की कोशिश की। रिश्तेदार युवती को अपने घर ले गए।
क्षेत्र के एक गांव से पांच दिन पहले एक युवक पड़ोस में रहने वाली युवती को लेकर फरार हो गया था। ग्रामीणों ने खोजबीन कर युवती बरामद कर लिया। शनिवार की शाम गणमान्य लोगों के बीच युवती को उसे परिजनों को सौंपना चाहा तो परिजनों ने युवती को घर ले जानेे से मना कर दिया। इससे क्षुब्ध होकर युवती ने घर में रखी कैंची उठा ली और अपने हाथ की नस काटने का प्रयास किया। लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे ऐसा नहीं करने दिया। युवती के परिजनों को काफी समझाया गया। लेकिन उन्होंने जब युवती को अपने पास रखने से इंकार कर दिया तो रिश्तेदार उसे अपने साथ ले गए। इस संबंध में एसओ रमेश सिंह ने बताया कि कोई तहरीर लेकर नहीं आया है। टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।