बड़ौत। बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर मंगलवार को मलकपुर मिल क्षेत्र के किसानों ने मिल मालिक उमेश मोदी के दिल्ली स्थित आवास का घेराव किया। हालांकि बाद में किसानों ने उमेश मोदी के न मिलने पर उनसे फोन पर बातचीत की। साथ ही प्रधानमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन कर्मचारियों को साैंपा।
मंगलवार को धूम सिंह चेयरमैन के नेतृत्व में बावली, मलकपुर, बरवाला, वाजिदपुर, गुराना सहित अन्य गांवों के काफी संख्या मेें किसान उमेश मोदी के मकान पर पहुंचे और घेराव किया। बताया कि बकाया गन्ना भुगतान न होने पर किसानों ने गत पांच नवम्बर को पंचायत की थी। इस पंचायत में ऐलान किया था कि 21 नवम्बर को गन्ना मिल मालिक के आवास पर धरना प्रदर्शन कर गन्ना भुगतान की मांग रखी जायेगी। इसको लेकर किसानों ने उनके आवास का घेराव किया। इस दौरान किसानों को बिरला मन्दिर थाना क्षेत्र से हिरासत में लेने का प्रयास किया, लेकिन किसानों ने हंगामा तेज कर दिया। हालांकि बाद में आवास पर उमेश मोदी के न मिलने पर कर्मचारियों ने किसानों की बात उमेश मोदी से फोन पर कराई। बाद में प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए वहां से जल्द भुगतान न होने पर भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी। इस दौरान चौबीसी चौधरी सुभाष ने कहा कि किसानों को जेल भेज दिया जाए, लेकिन किसान अब अपने कदम पीछे नहीं हटाएंगे। इस अवसर पर सुभाष चौधरी, धूम सिंह चेयरमैन, इन्द्रपाल, कवरपाल, कालूराम, बिजेंद्र, सोहनपाल, प्रमोद, संजीव आदि शामिल रहे।