डीएम साहिबा बंदरों के आतंक से मुक्ति दिलाओ
- बंदरों के आतंक से आफत में है ग्रामीणों की जान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली। बिनौली की हर गली मोहल्ले में बंदरों का आतंक है। ऐसा कोई दिन नहीं जिस दिन बंदर किसी को घायल न करते हों। इससे डरे सहमे ग्रामीणों ने डीएम बागपत से बंदरों को पकड़वाकर उन्हें आतंक से मुक्ति दिलाने की मांग की है।
थाना परिसर, इंटर कॉलेज, ब्लॉक मुख्यालय, सीएचसी, मेन बाजार जहां देखो हर जगह भारी संख्या में बंदरों का आतंक है। उनके इस आतंक से ग्रामीण परेशान हो गए हैं। ग्रामीणों ने जिलाधकारी बागपत से बंदरों को पकड़वाकर उन्हे आतंक से मुक्ति दिलाने की मांग की है। इस संबंध में जल्द ही एक प्रतिनिधि मंडल जिलाधिकारी बागपत से मिलेगा।
घूमने जा रहे लोगों पर बोला हमला
बिनौली। सुबह इंटर कॉलेज में घूमने जा रहे हरबीर सिंह धामा, नरेंद्र जैन, जिवेंद्र जैन, राकेश जैन, योगेश जैन, रमेश विश्वकर्मा विजय, नरेश सैनी पर बंदरों के झुंड ने हमला बोल दिया। इसी तरह, सर्व हितकर इंटर कॉलेज मार्ग पर सुबह बंदरों आपस में भिड़ गए। करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी मची रही। वहीं, मेरठ बड़ौत मार्ग पर पारस पब्लिक स्कूल व डेरा सच्चा सौदा आश्रम के पास प्रतिदिन बंदरो का झुंड जमा रहता है। जैसे ही कोई राहगीर खाने का समान लेकर गुजरता है बंदर हमला कर बैठते हैं।